सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक अनियंत्रित ट्रक ने पचरुखी बाइपास पर डीजे लदे पिकअप वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पिकअप ड्राइवर सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को आनन-फानन में सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान ड्राइवर की मौत हो गई। अन्य दो घायलों की हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
मृतक की पहचान पचरुखी में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम दिलशाद अली (27) है, जो पचरुखी थाना क्षेत्र के कोदई गांव निवासी तैयब अली का पुत्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिलशाद अली अपने पिकअप वैन में डीजे लोड करके लहेजी गांव में एक शादी समारोह में डीजे बजाने गया था। रात में समारोह खत्म होने के बाद वह अपने दो साथियों के साथ घर लौट रहा था। पचरुखी बाइपास के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने के मामले में आरोप पत्र दाखिल, NIA की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पचरुखी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइपास पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर 13 साल की किशोरी से दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इस हादसे से मृतक के परिवार में शोक की लहर है। दिलशाद अली अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।