फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: गोपालगंज में परचून के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में लगी आग, करीब 45 लाख का सामान जला

Mon, 26 Aug 2024 06:06 PM IST
अरविंद कुमार न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज

सार

बिहार के गोपालगंज जिले में आग लगने का हादसा हुआ है। दरअसल, यहां पहले एक परचून की दुकान में आग लग गई, फिर यही आग इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में भी पकड़ ली। आग लगने से करीब 45 लाख का नुकसान होना बताया जा रहा है।
विज्ञापन
दुकान में लगी आग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोपालगंज में कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहां बाजार में सोमवार सुबह एक परचून दुकान में अचानक आग लग गई। आसपास के लोग सोए हुए थे, लोगों को जब तक पता चला, तब तक आग भयावह रूप ले चुकी थी। आग को बुझाने की लोगों ने भरपूर कोशिश की। इतने ही देर में बगल की इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भी आग पकड़ ली। दोनों दुकानों में लगभग 45 लाख रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।

विज्ञापन


घटना के संबंध में बताया जाता है, जमुनहां गांव निवासी सत्येन्द्र सिंह उर्फ सोनी सिंह अपनी परचून दुकानदार और इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार भृंगीचक गांव निवासी सुनील शाह अपनी दुकान बंदकर रविवार देर शाम अपने घर चले गए थे। सोमवार अलसुबह सोनी सिंह के परचून दुकान से धुआं निकलने लगा। हालांकि, आसपास के लोग सोए हुए थे। बगल की एक महिला ने धुएं को देखा। इसके बाद शोर गुल होने लगा। आसपास के लोग जुटे तब तक आग पूरी तरह से फैल चुकी थी। परचून दुकान में ही छोटे बड़े गैस चूल्हे का समान कारोबार भी था, जिसके चलते आसपास के लोग दुकान में प्रवेश करने से डर रहे थे। इसी दौरान आग विकराल रूप ले ली और बगल के इलेक्ट्रॉनिक दुकान को भी अपने गिरफ्त में ले लिया। लोग आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दमकल की गाड़ी पहुंची। ग्रामीण और दमकल की गाड़ी की सहायता से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।

दुकानदार सत्येंद्र सिंह ने बताया कि लगभग 15 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। वहीं, सुनील ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक दुकान होने के चलते बहुत महंगे-महंगे समान लाया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख की थी। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पंचदेवरी पिकेट प्रभारी महाबीर प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे। साथ ही 112 की गाड़ी भी पुलिस के साथ पहुंची थी। वहीं, स्थानीय मुखिया अशोक प्रसाद गुप्ता और पूर्व मुखिया डॉ. मुखी सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर पदाधिकारियों से बात कर उचित मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया। पंचदेवरी बीडीओ राहुल रंजन ने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है। पीड़ित परिजनों को उचित मुआवजा के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा।
विज्ञापन


सूचना देने के बाद भी देर से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी
दुकान में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड की गाड़ी को 6:15 बजे ही दे दी गई। लेकिन कटेया से 15 किलोमीटर की दूरी तय करने में गाड़ी को डेढ़ घंटे का समय लग गया, जिसको लेकर बाजार वासियों ने कड़ी नाराजगी भी जाहिर की। हालांकि, आने के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। दमकल कर्मी ने बताया कि सूचना मिलने के एक घंटे के अंदर ही गाड़ी पहुंच गई। अब चूंकि दूरी होने के कारण आने में देरी हुई। जमुनहां बाजार के गुरजीत सिंह, सुनील गुप्ता, अजय गुप्ता, अरविंद रजक, सुनील सिंह सहित कई बाजार वासियों ने स्थानीय बीडीओ राहुल रंजन से मांग किया कि पंचदेवरी में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगाई जाए। ताकि आग लगने पर आम लोगों को सहूलियत मिल सके।

पिछले 40 साल से चलती है परचून की दुकान
जमुनहां बाजार वासियों ने बताया कि परचून की दुकान 40 साल से चल रही है। सत्येंद्र सिंह उर्फ सोनी सिंह की मां ने पंजाब से आकर जमुनहां बाजार में परचून की दुकान शुरू किए थे। उसमें ऊन से लेकर गैस चूल्हा तक का बिजनेस कर रखा था। दुकान बड़े पैमाने पर चल रही थी। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान लगभग 10 साल से चल रही थी। अधिक दिनों से दुकान चलने के कारण समान भरपूर मात्रा में दुकानदारों ने भर रखा था। इस अगलगी में सभी सामान जलकर खाक हो गए। लगभग दोनों दुकानों को मिलाकर 45 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

आग के विकराल रूप ने मकान को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। मकान मालिक रामजी मिश्रा ने बताया कि आग की लपटों ने दीवारों में दरार डाल दिया है। वहीं, छप्पर पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है। जानकार बताते हैं कि अब यह मकान पूरी तरह से तोड़कर दोबारा बनवाना पड़ेगा। इधर, मकान मालिक के परिजनों में पूरी तरह से मायूसी है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग को बुझाने में सबसे अधिक बालू कारगर साबित हुई।

गोपालगंज के थावे में चारदीवारी का गेट गिरने से किशोरी की मौत
गोपालगंज में थावे थाना क्षेत्र के विदेशी टोला गांव में सोमवार को चारदीवारी का गेट गिरने से गंभीर रूप से जख्मी एक किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर परिजनों को मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि थावे थाना क्षेत्र के विदेशी टोला पंचायत के विदेशी टोला गांव के पोखर स्थित संतोष मांझी के घर के पीछे एक नवनिर्मित चारदीवारी का निर्माण किया गया है। जहां सुबह दस बजे किशोरी डॉ. हरेंद्र श्रीवास्तव के चारदीवारी के पास घास काट रही थी। घास काटने के दौरान चारदीवारी का गेट किशोरी पर गिर गया, जिससे बुरी तरह जख्मी हो गई। हालांकि, नवनिर्मित चार दीवारी के मालिक का परिवार अहमदाबाद रहता है। आनन-फानन में परिजन किशोरी को इलाज के लिए थावे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गए। जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद किशोरी की स्थिति को नाजुक देख कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। मृत किशोरी विदेशी टोला गांव के संतोष मांझी की 17 वर्षीया पुत्री निशा कुमारी बताई जा रही है।

विज्ञापन


वहीं, निशा की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर एएसआई नीरज कुमार पांडेय पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल किए। वहीं, इस मामले में थावे थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि किशोरी के स्वजनों द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया गया।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें