गोपालगंज लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नाम वापसी की अंतिम दिन गुरुवार तक कुल नामांकन करने वाले ग्यारह अभ्यर्थियों में किसी के द्वारा अपना अभ्यर्थन वापस नहीं लिया गया। ज्ञात हो कि लोकसभा चुनाव गोपालगंज में नामांकन प्रक्रिया गत 29 अप्रैल से प्रारम्भ थी, जो छह मई अंतिम तिथि तक समाप्त हो गयी थी, जिसमें कुल ग्यारह प्रत्याशियों द्वारा अपना नामांकन कराया गया।
गुरुवार को अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित थी, जिस समयावधि में किसी भी अभ्यर्थी द्वारा अपनी अभ्यर्थिता वापस नहीं ली गई। इस प्रकार लोकसभा गोपालगंज के लिए भारतीय राष्ट्रीय दल से सुरेंद्र राम, निर्दलीय अभ्यर्थी सत्येंद्र बैठा, जदयू से डॉक्टर आलोक कुमार सुमन, गण सुरक्षा पार्टी से राम कुमार मांझी, विकासशील इंसान पार्टी से प्रेमनाथ चंचल उर्फ चंचल पासवान, बहुजन मुक्ति पार्टी से जितेंद्र राम, बहुजन समाज पार्टी से सुजीत कुमार राम, निर्दलीय अभ्यर्थी भोला हरिजन, एआईएमआईएम से दीनानाथ मांझी, निर्दलीय अभ्यर्थी नमीराम और अनिल राम मैदान में अपना भाग्य आजमाएंगे।
अभ्यर्थिता वापसी के अंतिम समय तक जिला निर्वाची पदाधिकारी के साथ सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा, लोकसभा चुनाव नामांकन कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्त्ता आपदा प्रबंधन मो० सादुल हसन, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशी प्रकाश राय, सहयोगी पदाधिकारी डीआईओ रंजीत कुमार, आईटी मैनेजर ब्रह्मदेव साह, लिपिक कृष्ण प्रताप श्रीवास्तव, नरेन्द्र कुमार सिंह, मो० मंजूर आलम, बबलू कुमार सिंह, कृष्णकांत कुमार, दिलेश्वर कुमार आईटी सहायक, कार्यपालक सहायक अमित कुमार एवं मीडिया कोषांग से नीरज कुमार राय आदि मौजूद रहे।