फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: गोपालगंज में गंडक नदी में पानी कम होने पर तेजी से हो रहा कटाव, बाढ़ नियंत्रण विभाग बचाव कार्य में जुटा

Mon, 05 Aug 2024 02:36 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज

सार

Bihar Flood News: मुख्य अभियंता संजय कुमार ने बताया कि गंडक नदी में पानी का बहाव तेज है और नदी ने यू-टर्न लेते हुए कटोरा नुमा आकार ले लिया है, जिससे कटाव तेज हो गया है। इसे लेकर हमारी टीम जियो बैग के साथ-साथ हाथी पांव डालकर बचाव कार्य में जुटी हुई है।
विज्ञापन
राहत एवं बचाव कार्य में जुटे मजदूर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नेपाल से निकलकर बाल्मिकिनगर बैराज के रास्ते गोपालगंज से होकर बहने वाली गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से हो रहे बदलाव के कारण कटाव का खतरा बढ़ने लगा है। पिछले एक सप्ताह से गंडक के जलस्तर में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कुचायकोट प्रखंड के विश्वंभरपुर गांव के पास जलस्तर कम होते ही गंडक की धारा तेज हो गई है। इसके कारण नदी ने अपनी दिशा बदलकर कटाव करना शुरू कर दिया है, जिससे दियारावासी भयभीत हैं।

विज्ञापन


हालांकि जल संसाधन और बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा कटाव रोधी कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। कुल 500 मीटर के दायरे में हाथी पाव, नायलेन क्रेट, ट्री ब्रांच के कार्य किए जा रहे है। ताकि गंडक नदी की तेज धारा किसानों के खेतों पर दबाव न दे, जिससे कटाव से बचा जा सके। कटाव रोधी कार्य में दर्जनों मजदूर लगातार कार्य में जुटे हुए हैं। गंडक नदी की धारा कुछ मुड़ गई है। इसे लेकर एहतियातन सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं।
 

विज्ञापन

राहत एवं बचाव कार्य में जुटे मजदूर - फोटो : अमर उजाला
जानकारी के मुताबिक, मुख्य अभियंता संजय कुमार के नेतृत्व में जियो बैग के साथ-साथ हाथी पांव डालकर बचाव कार्य में टीम जुटी हुई है। लेकिन लोग इसे नाकाफी मान कर बोल्डर पिचिंग करवाने की मांग कर रहे हैं। मुख्य अभियंता ने बताया कि पानी का बहाव तेज है और नदी ने यू-टर्न लेते हुए कटोरा नुमा आकार ले लिया है, जिससे कटाव तेज हो गया है।
 
गौरतलब है कि पिछले महीने बाल्मिकिनगर बैराज से गंडक नदी में छोड़े गए भारी मात्रा में पानी के बाद जिले में गंडक नदी का जलस्तर काफी उफान पर हो गया था। इससे दियारा इलाका जलमग्न हो गया था। किसानों की फसलें डूब गईं थी, जिसके कारण दियारावासियों की मुश्किलें बढ़ गईं थी। लेकिन धीरे-धीरे नदी का जलस्तर कम होने लगा, इसके बावजूद दियारावासियों की मुश्किलें कम नहीं हुईं। पहले बाढ़ और अब कटाव के भय से दियारावासी डरे और सहमे हुए हैं। किसानों को यह चिंता सता रही है कि कहीं गंडक नदी की धारा उल्टी दिशा में मुड़ कर फसलों को काट कर नदी में न मिला दे। फिलहाल जल संसाधन विभाग की पूरी टीम काफी मुस्तैदी से लगी हुई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें