टॉप 10 छठा स्थान हासिल करने वाले जोहैर अहमद
- फोटो : अमर उजाला
बिहार बोर्ड के दसवीं के रिजल्ट में सीवान के यूएचएस बसंतनगर हसनपुरा के एक छात्र ने बिहार में छठा स्थान लाकर कमाल कर दिया। मैट्रिक के रिजल्ट को लेकर सुबह से ही छात्रों के दिलों की धड़कन बढ़ी हुईं थी। सभी अपना रिजल्ट जानने के लिए परेशान थे। जब रिजल्ट आया तो सीवान फिर सुर्खियों में आ गया। दरअसल, सीवान के एम नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र के पियाउर गांव निवासी सोहेल अहमद के बेटे जोहैर अहमद ने मैट्रिक परीक्षा में पूरे बिहार में छठी रैंक लाकर जिले का नाम रोशन किया है।
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही जोहैर को पता चला कि वह पूरे बिहार में टॉप टेन में छठा स्थान लाया है। उसने अपने माता-पिता को बताया उसके बाद आसपास के लोग भी उसे बधाई देने मिठाई लेकर उसके घर पहुंच गए।
जोहैर अहमद ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मैं एक छोटे से गांव पियाउर गांव में रहता हूं। जहां से कई किलोमीटर दूर साइकिल चलाकर स्कूल जाना पड़ता था, लेकिन मैंने पढ़ाई में खूब मेहनत की है। काफी कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ा, लेकिन मैंने अपनी पढ़ाई मन लगाकर जारी रखी। मेरी मेहनत की वजह से मुझे टॉप टेन में छठा स्थान प्राप्त हुआ है, मुझे बहुत खुशी है। मैं और अच्छा करना चाहता था। जोहैर ने बताया कि वह आगे चलकर एमबीए करना चाहते हैं।
जानकारी के मुताबिक, जोहैर के पिता गल्फ में रहकर क्रेन ऑपरेटर का काम करते हैं। जोहैर तीन बहन के बाद एक अकेला भाई है और सबसे छोटा है। घर में छोटा होने की वजह से भी जोहैर को लोग काफी प्यार दुलार करते हैं। इसकी वजह से भी वह हमेशा पढ़ाई में लगे रहते हैं। आज यही वजह है कि जोहैर ने टॉप टेन में छठा स्थान हासिल किया है।