Bihar News: बिहार शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक गुरुवार के दिन जिले के विद्यालयों के औचक निरीक्षण के क्रम में प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बलिभद्रपट्टी इटवा में पहुंचे हुए थे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले वर्ग आठ का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने कक्षा में पढ़ा रहे बीपीएससी परीक्षा से चयनित शिक्षक नरेश कुमार सहनी से जानकारी मांगी कि नये टीचर है। उनका जवाब था हां। सैलरी आई है जिस पर उन्होंने कहा कि हां। कहां से आते हैं तो उन्होंने जवाब दिया मोहम्मदपुर के समीप से।
अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने उपस्थित छात्रों से पूछा कि विद्यालय में मिशन दक्ष की कक्षा चलती है या नहीं। जिस पर बच्चों ने हामी भरी। उन्होंने पूछा कि कब से कब तक चलती है। तो छात्रों ने जवाब दिया चार बजे से पांच बजे तक। इसके बाद उन्होंने दक्ष की कक्षा में आने वाले छात्रों के बारे में जानकारी लेने के बाद छात्रों से पूछा कि उस समय तो भूख लग जाती होगी। जिस पर छात्रों ने हां में जवाब दिया। जिसके बाद उन्होंने डीएम मकसूद आलम को विद्यालय में मिशन दक्ष की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए नाश्ते में बिस्किट का प्रबंध करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
दिये दिशा निर्देश
इसी तरह उन्होंने बीपीएससी परीक्षा से चयनित मध्य विद्यालय की शिक्षिका खुश्बू कुमारी से पूछा कि आप कहां से आती है। जिस पर शिक्षिका का जवाब था कि कुचायकोट से। विद्यालय से दूरी के कारण उन्होंने शिक्षिका को स्कूटी खरीदने का निर्देश दिया। विद्यालय में अपने 15 मिनट के निरीक्षण के क्रम में अपर मुख्य सचिव ने कक्षा 8, 7, 6, 5 और दो का क्रम वार निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा दो में पढ़ने वाले छात्रों से सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई निशुल्क बैग, बोतल, कॉपी, कलम आदि किट के बारे में जानकारी मांगी। जिस पर बच्चों ने किट मिलने की सहमति जताई। इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने विद्यालय के शौचालय एवं परिसर के साफ-सफाई के बाद विद्यालय के कार्यालय का भी निरीक्षण किया।