फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: सारण शिक्षक चुनाव में एनडीए के बागियों पर कार्रवाई, तीन नेता छह साल के लिए बाहर

Mon, 12 Oct 2026 09:47 PM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सारण

सार

बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने पर तीन नेताओं पर कार्रवाई हुई है। भाजपा ने रमेन्द्र राय और राहुल सिंह को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने राम पुकार सिन्हा को छह साल के लिए निलंबित किया है।
विज्ञापन
राजग गठबंधन की ओर से निष्कासित नेता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के खिलाफ बगावत करने वालों पर सहयोगी दलों ने बड़ा सियासी प्रहार किया है। अधिकृत प्रत्याशी के विरोध में निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले तीन नेताओं पर गाज गिरी है। भाजपा ने अपने पूर्व प्रदेश संयोजक रमेन्द्र राय और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

विज्ञापन


जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने अपने प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा को छह साल के लिए निलंबित कर दिया है। इन कार्रवाइयों ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी रण में सियासी तापमान बढ़ा दिया है। साथ ही, एक बार फिर एनडीए के भीतर अनुशासन और बगावत का मुद्दा सुर्खियों में आ गया है।

भाजपा ने दो नेताओं पर गिराई गाज
भाजपा बिहार प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार की ओर से जारी निष्कासन पत्र के अनुसार, सिवान निवासी रमेन्द्र राय एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। रमेन्द्र राय भाजपा के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक रह चुके हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनके इस कदम को अनुशासनहीनता मानते हुए छह साल के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया है।

इसी तरह, भाजपा ने सारण से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की है। 11 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक पत्र में उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए छह साल के लिए निष्कासित किए जाने की जानकारी दी गई है। पार्टी ने एनडीए प्रत्याशी के विरोध में निर्दलीय चुनाव लड़ने को गंभीर अनुशासनहीनता माना है।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने भी दिखाई सख्ती

विज्ञापन

एनडीए के घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने भी अपने प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा पर कार्रवाई की है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह मुख्यालय प्रभारी प्रशांत पंकज की ओर से 12 अक्टूबर को जारी पत्रांक RLM/BR/MP/01 के तहत उन्हें छह साल के लिए निलंबित किया गया है। पार्टी के अनुसार, सिन्हा भी सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं।

ये भी पढ़ें-बिहार: डायन बताकर महिला को लाठी-डंडों से पीटा, मौत के बाद आरोपियों के घर पर शव रखकर प्रदर्शन; छह लोगों पर केस

चुनावी समीकरण पर पड़ सकता है असर
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के बीच भाजपा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा की इन कार्रवाइयों को गठबंधन के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में अनुशासन बनाए रखने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। लगातार सामने आ रहे निष्कासन और निलंबन के फैसलों से स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि इन कार्रवाइयों का निर्दलीय प्रत्याशियों के चुनावी अभियान और मतदाताओं के रुझान पर कितना असर पड़ता है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें