बिहार में उप चुनाव के बाद अब एमएलसी चुनाव में भी विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस अलग-अलग रास्ते पर हैं। दोनों दलों के बीच अंदरूनी विवाद की खबरें भी सामने आ रही हैं और बयानबाजी भी लगातार हो रही है, जो इस बात की ओर साफ संकेत कर रही हैं कि महागठबंधन के भागीदारों के बीच स्थिति ठीक नहीं है।
कांग्रेस पार्टी ने सात से 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की बात कही है। इस पर राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कह गिया कि सत्यनारायण भगवान का प्रसाद है क्या कि जितना मांगेंगे उतना मिल जाएगा। उन्होंने उल्टे कांग्रेस को ही नसीहत देते हुए कह दिया कि उसे अपनी जमीन मजबूत करने की आवश्यकता है।
तिवारी की इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस के एमएलसी समीर कुमार ने भी राजद पर हमला बोला और नसीहत देते हुए कहा कि उसे मर्यादा में रह कर बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजद के नेता कुछ भी बोलते हैं। गठबंधन प्रेम और सहयोग से होता है। लेकिन, साथी दल की ओर से इस तरह के बयान दिए जाना पूरी तरह से गलत है।
समीर कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सात से 11 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। अगर हमें इतनी सीटें नहीं मिलती हैं तो पार्टी का शीर्ष नेतृत्व महत्वपूर्ण फैसला ले सकता है। उल्लेखनीय है कि पिछले एमएलसी चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा था और इस बार वह यह संख्या लगभग दोगुनी करना चाहती है।