उपहार में जाने वाले सोने का मुकुट, तीर-धनुष और एक जोड़ा खड़ाऊं।
- फोटो : अमर उजाला
2.5 किलो का स्वर्णजड़ित तीर-धनुष भेंट
रविवार को अमावा राम मन्दिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के. परासरन की ओर से उनके पौत्र विष्णु परासरन और सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने स्वर्ण जड़ित तीर-धनुष भेंट किया। यह तीर-धनुष श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्र को सौंपा गया। अमावा राम मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का धनुष जिसे कोदंड के नाम से जाना जाता है, उसे चेन्नई में बनवाया गया है। 2.5 किलो वजन का यह तीर-धनुष तांबे के बेस पर स्वर्ण जड़ित है। आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि अमावा राम मन्दिर के शिखर के लिए स्वर्ण जड़ित कलश बनवाया गया। इसके लिए भारत सरकार के उपक्रम एमएमटीसी से सोना खरीदा गया था। उसमें से कलश निर्माण के बाद शेष बचे सोने से स्वर्ण जड़ित को दंड तैयार किया गया है।
भेंट के लिए ले जा रहे खास सामान कपिलेश्वर सिंह
अयोध्या राम मंदिर में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के लिए पूरे मिथिलांचल में दरभंगा महाराज के पोते कुमार कपिलेश्वर सिंह को आरआएएस और रामजन्म भूमि न्यास समिति की तरफ से निमंत्रण पत्र मिला है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने उन्हें राज्य अतिथि बनाया है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए कुमार कपिलेश्वर सिंह दरभंगा से भगवान राम के लिए सोने का मुकुट, चांदी की चरण पादुका और चांदी के तीर-धनुष समेत कई अन्य विशिष्ट सामग्री उपहार स्वरूप ले गए हैं। इन सामग्री को वह 22 जनवरी को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को समर्पित करेंगे। इन उपहारों के अलावा रामजी के ससुराल मिथिला से उनके लिए मिथिला की परंपरा के अनुसार, पग (पगड़ी), पान और मखाना भेजा जाएगा।