बिहार में परीक्षाओं के भीतर कदाचार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पूर्णिया के के-हाट थाना क्षेत्र अंतर्गत जनता चौक के पास स्थित सेंट पीटर्स स्कूल परीक्षा केंद्र से सामने आया है। यहां रविवार को चल रही पैरामेडिकल परीक्षा में एक हाई-टेक मुन्ना भाई को ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी के जरिए परीक्षा केंद्र के भीतर नकल करवाते हुए रंगे हाथ दबोचा गया। शातिर पति अपनी परीक्षार्थी पत्नी को केंद्र के बाहर गली में बैठकर प्रश्नों के उत्तर लिखवा रहा था। स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ हुआ।
गली में बैठकर चल रहा था हाई-टेक नकल का खेल
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सेंट पीटर्स स्कूल परीक्षा केंद्र के ठीक बगल वाली गली में दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बैठे हुए थे। इनमें से एक युवक हाथ में वॉकी-टॉकी लेकर परीक्षा केंद्र के अंदर मौजूद अपनी पत्नी, जो परीक्षा दे रही थी, उसे लगातार प्रश्नों के सही उत्तर बोलकर लिखवा रहा था। पास से गुजर रहे स्थानीय लोगों को उसकी बातचीत और हरकतों पर शक हुआ, जिसके बाद लोगों ने दोनों को घेर लिया।
भीड़ देखकर फरार हुआ मास्टरमाइंड
भीड़ को अपनी ओर आता देख मुख्य मास्टरमाइंड, जो महिला अभ्यर्थी का पति बताया जा रहा है, मौका पाकर फरार हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने उसके साथी को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से आधुनिक वॉकी-टॉकी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पकड़े गए दोनों युवक लखीसराय जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन पर लगे गंभीर आरोप
आरोपी को पकड़ने वाले स्थानीय युवक आनंद कुमार ने परीक्षा केंद्र के प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आनंद कुमार का कहना है कि परीक्षा शुरू होने से पहले तक स्कूल परिसर में मोबाइल और सिग्नल ब्लॉक करने वाला जैमर चालू था, लेकिन परीक्षा शुरू होते ही उसे बंद कर दिया गया। आरोप है कि यह सब सोची-समझी साजिश के तहत किया गया ताकि ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी जैसे उपकरण आसानी से काम कर सकें। इस खुलासे के बाद सेंट पीटर्स स्कूल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
परीक्षा केंद्र पर हाई-टेक नकल और हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया के प्रभारी जिलाधिकारी अंजनी कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
महिला अभ्यर्थी हिरासत में, पति की तलाश जारी
पुलिस ने परीक्षा दे रही संबंधित महिला अभ्यर्थी को हिरासत में ले लिया है और उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। प्रभारी डीएम अंजनी कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला परीक्षा में कदाचार और हाई-टेक धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। पूरे नेटवर्क और गिरोह की गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल फरार आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
लखीसराय में जमीन विवाद बना रणक्षेत्र! गोलियों की आवाज से कांपा गांव, लाठी-डंडों से भिड़े दो पक्ष
जांच के घेरे में स्कूल प्रशासन
प्रशासन अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या परीक्षा केंद्र प्रबंधन की मिलीभगत से यह पूरा खेल संचालित किया जा रहा था। जैमर बंद होने के आरोपों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस संगठित रैकेट के तार कहां-कहां जुड़े हैं।