बिहार के पूर्णिया में एक पशुपालक ने जिस सांड की सेवा की, उसी ने उसकी जान ले ली। यह घटना रविवार की सुबह मरंगा थाना क्षेत्र के सरकारी सीमेन स्टेशन के पास घटी। पशुपालक की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया। मृतक पशुपालक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के कामख्या स्थान निवासी अभिनंदन मेहता के बेटे पवन कुमार मेहता (32) के रूप में की गई है।
घटना को लेकर मृतक की पत्नी सोनी देवी ने बताया कि मेरे पति पवन कुमार मेहता लगभग दो साल से मरंगा सरकारी सीमेन स्टेशन में सांड की देखभाल करते थे और उसे खाना-पानी देते थे। रविवार की सुबह अचानक सीमेन स्टेशन के कर्मी ने फोन कर जानकारी दी कि खाना खिलाने के दौरान सांड ने आपके पति पवन कुमार मेहता पर हमला कर दिया था। हमले में पवन कुमार मेहता गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे इलाज के पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, परिजनों का आरोप है कि अगर फैक्टरी के लोग उस समय सहायता करते तो शायद उसके भाई की जिंदगी बच सकती थी। लेकिन लोगों की लापरवाही के कारण उसके भाई की मौत हो गई। परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। गौरतलब है कि मरंगा स्थित सीमेन स्टेशन में भारत सरकार, बिहार सरकार और एनडीबीटी सीमेन फैक्ट्री है। यहां कई उन्नत नस्लों के सांडों का पालन होता है। इससे सीमेन स्ट्रा तैयार किया जाता है।