बिहार के पूर्णिया के रूपौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तीसरे दिन एनडीए से जदयू प्रत्याशी कलाधर प्रसाद मंडल ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया है। जदयू प्रत्याशी के नामांकन में बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, पूर्व सांसद संतोष कुमार कुशवाहा, बनमनखी भाजपा विधायक सह पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि और अन्य समर्थक शामिल हुए। उन्होंने धमदाहा अनुमंडल के नामंकन कक्ष में निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर विनय कुमार को अपना नामांकन पत्र पेश किया।
नामांकन के बाद धमदाहा विधायक सह बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि रूपौली विधानसभा उपचुनाव में एनडीए व जदयू पार्टी की ओर से कलाधर प्रसाद मंडल ने अपना नामांकन किया है। उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव में पूरे तन-मन से सभी एनडीए के कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ेंगे, जीत सुनिश्चित है। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि चुनाव में हमारी जीत होगी। हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है, हम सभी एकजुटता के साथ पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, लोजपा (रामविलास) से बागी पूर्व विधायक शंकर सिंह 20 जून को निर्दलीय नॉमिनेशन करेंगे। जबकि महागठबंधन में अब तक पेंच फंसा हुआ है। राजद से बीमा भारती अब खुद उपचुनाव लड़ना चाहती हैं। जबकि सीपीआई ने पहले से ही इस सीट पर दावा करते हुए विकास चंद्र मंडल के चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। इसके बाद से ही महागठबंधन में इस सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर माथापच्ची जारी है।