बिहार के किशनगंज में रविवार को शौचालय की टंकी में गिरने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियां खेल रही थीं कि टंकी का ढक्कन टूट गया, जिससे तीनों बच्चियां टंकी में गिर गईं। मरने वाली बच्चियों में दो सगी बहनें और एक पड़ोसी की बच्ची शामिल हैं। घटना जिले के बहादुरगंज नगर के बाराडांगा गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, बाराडांगा गांव में तीन बच्चियां घर के बाहर ही खेल रही थीं। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वे घर नहीं आईं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्चियों के शव टंकी में मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में तीनों के शव निकाले।
वहीं, किशनगंज एसडीपीओ गौतम कुमार, बहादुरगंज थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन, नव कार्यपालक पदाधिकारी मो. रहमान, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वसीकुर रहमान अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया। मृत बच्चियों की पहचान बाराडंगा निवासी अजमल आलम की बेटी छोटी परवीन (10) और अकबर आलम की दो बेटियां आयत परवीन (7) और सीमा परवीन (4) के रूप में हुई है। पुलिस तीनों बच्चियों के शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, बच्चों के शव मिलने के बाद से परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। बच्चियों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
बहादुरगंज थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बहादुरगंज थाना पुलिस और एसडीपीओ भी पहुंचे। शौचालय का ढक्कन टूटकर गिरने से बच्चियों की मौत होने का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।