पूर्णिया में लोजपा (रामविलास) के कसबा विधायक नितेश सिंह और उनके चार सहयोगियों के खिलाफ हत्या की धमकी देने और प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खजांची हाट (केहाट) थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता अनिल कुमार की ओर से दर्ज कराई गई है। अधिवक्ता का आरोप है कि विधायक नितेश सिंह ने उन्हें सरेराह घेरकर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि विधायक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे षड्यंत्र बताया है।
व्यापारिक विवाद से जुड़ा मामला
अधिवक्ता का कहना है कि भुगतान के लिए दिए गए चेक बैंक में बाउंस हो गए। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में परिवाद पत्र (सीए 2215/24) दायर किया। आरोप है कि इसी कानूनी कार्रवाई से नाराज होकर आरोपी विधायक के प्रभाव का इस्तेमाल कर उन पर दबाव बना रहे हैं।
जान से मारने की धमकी का आरोप
शिकायत के मुताबिक, अधिवक्ता को रास्ते में रोककर न केवल अपमानित किया गया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई। आवेदन में दावा किया गया है कि आरोपियों ने कहा कि वे विधायक के निर्देश पर उनकी चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं। केस वापस नहीं लेने पर परिवार सहित गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उनका पीछा कर जान से मारने की नीयत से डराने की कोशिश की गई।
वहीं, विधायक नितेश सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं कानून का सम्मान करता हूं और जांच में पूरा सहयोग करूंगा। यह मुझे फंसाने की साजिश है, सच्चाई जांच में सामने आ जाएगी।”
नितेश सिंह का फाइल फोटो
नितेश सिंह का फाइल फोटो