विधायक और नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन करते स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
किशनगंज जिले के बहादुरगंज नगर पंचायत के वार्ड-15 में जल जमाव की समस्या से नाराज मोहल्ले वासियों ने सताल मजार के पास बहादुरगंज दिघलबैंक मुख्य सड़क को टायर जला कर जाम कर दिया। जाम की वजह से यातायात बाधित हो गया और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे मोहल्ले वासियों ने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर पानी जमा हो जाता है। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि कई बार नगर पंचायत को मामले से अवगत करवाया गया, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो आज सड़क जाम किया गया।
वहीं, सड़क जाम की सूचना के बाद नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अतीउर रहमान मौके पर पहुंचे। फिर नाराज लोगों को समझा-बुझा कर यातायात बहाल करवाया गया। कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि सड़क की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। जल्द ही सड़क निर्माण के लिए टेंडर करवाया जाएगा।