किशनगंज जिले से सटे भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र पानी टंकी से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है। यहां एक विदेशी महिला प्यार के लिए अपने 11 साल की बेटी को लेकर भारत आ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विदेशी महिला का नाम नैना काला पौडेल है और उसकी बेटी का नाम यूनिस बिस्वा है। ये दोनों अमेरिका के रहने वाले हैं। नैना की फेसबुक पर एक भारतीय नीमा तमांग से मुलाकात हुई। देखते ही देखते उसे फेसबुक पर एक दूसरे से प्यार हो गया। प्यार का परवान चढ़ने लगा और दोनों से एक दूसरे की जुदाई सही नहीं गई। दोनों ने एक दूसरे से शादी करके का मन बना लिया।
इसके बाद नैना अपनी बेटी के साथ नीमा तमांग से शादी करने के लिए हवाई मार्ग से 19 मार्च 2024 को अमेरिका के न्यूयॉर्क से दिल्ली पहुंची। यहां वह दो दिन रुकने के बाद 21 मार्च 2024 को नई दिल्ली से बागडोगरा पहुंचे। फिर वहीं नीमा तमांग के घर भाटपाड़ा चाय बागान, कालचिनी पहुंची। इसके बाद 13 अप्रैल 2024 को ग्रेस वैली चर्च, भाटपाड़ा में उसने नीमा तमांग के संग शादी रचाया।
जब नीमा तमांग ने अलीपुर द्वार जिले के हैमिल्टनगंज की एक दुकान से दस हजार रुपये देकर नैना काला पौडेल और उसके बेटी का फर्जी आधार कार्ड बनाया। इसके बाद 21 अप्रैल को ही हनीमून के उद्देश्य से पानी टंकी नए पुल के रास्ते वे फर्जी आधार कार्ड के जरिए नेपाल गए। हनीमून मनाने के बाद 7 मई मंगलवार को वे तीनों भारत लौट रहे थे। उसी दौरान पानी टंकी सीमा पर तैनात एसएसबी की 41वीं वाहिनी के पानी टंकी बीआईटी कर्मियों ने अमेरिकी मां-बेटी नैना काला पौडेल (40) और यूनिस बिस्वा (11) को पकड़ लिया।
महिला के पास है वैध वीजा
एसएसबी ने भारतीय नागरिक नीमा तमांग (33) को भी पकड़ लिया। नैना काला पौडेल के पास 2029 तक वैध पांच साल तक भारतीय वीजा भी है। वहीं, उसकी बेटी यूनिस बिस्वा का वीजा 20 मार्च 2025 तक वैध है।
बता दें कि नीमा तमांग अलीपुरद्वार जिले के नयालाइन, भाटपाड़ा चाय बागान, कालचीनी इलाके का रहने वाला बताया गया है। एसएसबी ने अपनी आवश्यक कार्रवाई करने के बाद अमेरिकी मां-बेटी व नीमा तमांग को खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बुधवार को अमेरिकी मां-बेटी व भारतीय नागरिक को पांच दिन की पुलिस रिमांड अर्जी पर सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।