बिहार में पप्पू यादव का विरोध प्रदर्शन
- फोटो : Social Media
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर बिहार के कई हिस्सों में गुरुवार को विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने सड़क और रेल सेवा बाधित कर धरना दिया। पटना में पप्पू यादव हाथ और गले में बेड़ियां पहनकर सड़क पर उतरे।
पटना में पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान डॉक बंगला चौराहे पर जबरन दुकानों को बंद कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं पर स्थानीय लोगों और राहगीरों से हाथापाई करने के आरोप भी लगे। बंद समर्थक एंबुलेंस तक को रास्ता नहीं दे रहे हैं।
दरभंगा में भी बिहार बंद को लेकर रेल का चक्का जाम किया गया। वामदल के कार्यकर्ताओं ने कमला-गंगा इंटरसिटी एक्सप्रेस को रोक दिया है। खगड़िया और लेहरियासराय स्टेशन पर कार्यकर्ता ट्रेनें रोककर प्रदर्शन कर रहे हैं।
पटना में सभी स्कूल बंद
बिहार बंद को देखते हुए प्रशासन ने पटना के सभी प्रमुख स्कूलों को बंद कर दिया है। प्रशासन ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा और यातायात बाधित रहने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।