वैवाहिक समस्याओं का सामना कर रही एक महिला ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साप्ताहिक जनसंपर्क कार्यक्रम ‘‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री" के आयोजन स्थल के बाहर कथित तौर पर कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे अस्पताल ले जाया गया और अब वह खतरे से बाहर है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मानवजीत सिंह ढिल्लों ने कहा, ‘‘घटना सोमवार शाम को हुई, तब तक ‘‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यकम’’ समाप्त हो चुका था। पटना के नौबतपुर की रहने वाली 30 साल की महिला का वैवाहिक विवाद चल रहा है और उसका पति जेल में बंद है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘महिला शाम को आयोजन स्थल वाले स्थान के बाहर कहीं से अचानक पहुंची और वहां तैनात पुलिसकर्मियों की उस पर नजर पड़ती, इससे पहले ही वह जहरीले पदार्थों का सेवन कर चुकी थी। उसे तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। पूरी तरह से जांच और इलाज के बाद डॉक्टरों द्वारा उसे खतरे से बाहर बताए जाने पर उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।’’
मानवजीत ने कहा कि स्थानीय पुलिस महिला और उसके माता-पिता के संपर्क में है और आत्महत्या के प्रयास की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाए : नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश के कुछ हिस्सों और राष्ट्रीय राजधानी के जहांगीरपुरी इलाके में दो समुदायों के बीच हाल में हुई झड़पों की सोमवार को निंदा की। कुमार ने कहा, ‘‘हमें एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं।’’
‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके और देश के कुछ अन्य हिस्सों में दो समुदायों के लोगों के बीच हाल में हुई झड़पों के बारे पूछे गए एक सवाल के जवाब में कुमार ने कहा, ‘‘जब से हमें काम करने का मौका मिला है तभी से ही आपस में किसी तरह का विवाद न हो, इसे लेकर हम लोग काम करते रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि जब किसी समुदाय, धर्म के त्योहार का अवसर आता है तो प्रशासन पूरी तौर पर सतर्क रहता है ताकि कोई गड़बड़ी न कर सके। उन्होंने कहा, ‘‘हम लोग चाहते हैं कि सभी लोगों में आपस में प्रेम और भाईचारे का भाव रहना चाहिए।’’
बिहार के मंत्री और भाजपा नेता जनक राम की मस्जिदों में अजान के दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर देशव्यापी प्रतिबंध लगाने की मांग के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा, मुझे इसकी जानकारी नहीं है। अलग-अलग धर्मों में पूजा के अलग-अलग तरीके हैं। लोग वही कहते हैं जो उनके दिमाग में आता है।" मुख्यमंत्री ने कहा, "प्यार और भाइचारे का माहौल होना चाहिए। हर धर्म का अपना तरीका होता है। इस पर हमें आपस में नहीं लड़ना चाहिए।"