रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई और 19 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान तमिलनाडु के कांचीपुरम निवासी रामो के रूप में हुई है। सभी घायल यात्री भी तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
ट्रैवलर और ट्रक में जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार पर्यटकों से भरी एक ट्रैवलर वाराणसी से गया की ओर जा रही थी। तभी डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सूअरा मोड़ के पास ट्रैवलर ने सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही एक यात्री की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ।
धार्मिक यात्रा पर निकले थे सभी यात्री
बताया गया है कि तमिलनाडु के अलग अलग जगहों से करीब 25 यात्री धार्मिक यात्रा पर आए थे। वे पहले वाराणसी घूमने गए थे। वहां से बौद्ध मंदिर के दर्शन के लिए गयाजी जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर यह बड़ा हादसा हो गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है जबकि कुछ को हल्की चोट आई है।
पुलिस ने पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही डेहरी मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि 19 घायलों का इलाज चल रहा है और फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।