राष्ट्रीय जनता दल के नेता एवं लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजप्रताप यादव एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। सुर्खियों में आने की वजह है, उनका नया व्यापार। दरअसल तेजप्रताप अब बिजनेस जगत में अपने कदम रख दिए हैं। तेजप्रताप ने अगरबत्ती बनाने की फैक्ट्री शुरू की है। फैक्ट्री को उन्होंने एलआर अगरबत्ती यानी लालू-राबड़ी अगरबत्ती का नाम दिया है।
तेज प्रताप यादव ने पटना के दानापुर स्थित 'लालू खटाल' में अगरबत्ती की फैक्ट्री स्थापित किया है और इसके बगल में ही इसका शोरूम भी बनाया गया है। शोरूम में कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। और तेजप्रताप मोबाइल के जरिए खुद इसकी निगरानी करते हैं।
इस अगरबत्ती की खासियत पूछे जाने पर तेजप्रताप ने कहा कि हमने मंदिर में चढ़नेवाला वेस्टेज फूल का प्रयोग करके आयुर्वेदिक अगरबत्ती का निर्माण यहां शुरू किया है। इसमें कोई भी केमिकल का प्रयोग नहीं हुआ है। बिहार में पहले किसी ने ऐसा अगरबत्ती नहीं बनाया।
उन्होंने कहा कि एलआर-राधा कृष्णा अगरबत्ती के शोरूम में अगरबत्ती के कई वैरिएंट मिलते हैं। इनके नाम कृष्ण लीला अगरबत्ती, बरसाना, सेवा कुंज, विष्णु प्रिया, निधि वन, वृंदा तुलसी इत्यादि हैं।