रोहतास जिले में नासरीगंज प्रखंड के धुस स्थित भाकपा माले कार्यालय से जिला सचिव कामरेड नंदकिशोर पासवान के नेतृत्व में अमियावर निवासी जिम संचालक अतुल आदित्य श्रीवास्तव के हत्या के विरोध में प्रतिवाद मार्च निकाला गया। इस मार्च में मुख्य रूप से काराकाट विधानसभा से माले विधायक अरुण कुमार सिंह शामिल हुए। मार्च नासरीगंज धुस से चलकर पोस्टल रोड, मेन रोड व मंगल बाजार होते हुए थाना मोड पहुंचकर एक सभा में तब्दील हो गई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिहार की सरकार निकम्मी हो चुकी है। जबसे भाजपा और जदयू सत्ता में आई है, तबसे बिहार में हत्या, लूट और बलात्कार में बाढ़ सी आ गई है। आम जनता का जीवन दुर्लभ हो गया है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं। आज पूरा बिहार जंगलराज में तब्दील हो चुका है। हत्या और बलात्कार आम बात हो गई है। वहीं, काराकाट विधायक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह की हत्या से हम सभी काफी मर्माहत है, जिस तरीके से हत्या के चार दिन बीत जाने के बाद भी रोहतास पुलिस के हाथ खाली हैं, अभी तक एक भी गिरफ्तारी इस मामले में नहीं हुई है।
यह पुलिस के द्वारा घोर लापरवाही है। पुलिस अपने कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रही है। इसकी मैं कड़ी निंदा करता हूं। इसलिए आज प्रतिवाद मार्च निकाला गया है। वहीं, विधायक अरुण कुमार सिंह ने जिम संचालक अतुल आदित्य श्रीवास्तव के हत्यारों को जल्द से जल्द पुलिस गिरफ्तार कर उसे स्पीड ट्रायल के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की पुलिस प्रशासन से मांग की है। बताते चलें कि शनिवार की रात जिम संचालक अतुल आदित्य श्रीवास्तव को बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने चार गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया था।