बिहार की राजधानी पटना में 22 और 23 अक्तूबर को दो दिवसीय ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ) 2024 का आयोजन ज्ञान भवन, सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया जाएगा, जबकि भारत सरकार के पर्यटन सह संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी इस आयोजन में मौजूद रहेंगे।
इस ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर का उद्देश्य भारत और विदेशों के प्रमुख पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र में निवेश और विकास की संभावनाओं पर मंथन करना है। बिहार के पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में बिहार के साथ-साथ देश के 15 राज्यों से 100 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, तेलंगाना, ओड़ीशा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, गोवा, असम, मेघालय, त्रिपुरा और केरल के पर्यटन विभाग प्रमुख रूप से अपनी भागीदारी निभाएंगे।
आयोजन के दौरान भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अलावा पड़ोसी देश नेपाल और भूटान के भी टूर ऑपरेटर्स और प्रतिनिधि उपस्थित होंगे। इन देशों और राज्यों के प्रतिनिधि अपने-अपने पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार करेंगे और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नए पर्यटन उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे।
टीटीएफ 2024 में बिहार के पारंपरिक, धार्मिक और नए इको-टूरिज्म केंद्रों का विशेष प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से बिहार के पर्यटन स्थलों को देश और विदेश में नई पहचान दिलाने का प्रयास होगा। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, इन्वेस्टर समिट, पर्यटन स्थलों की सैर और कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा। ताकि देश-विदेश के पर्यटक और टूर ऑपरेटर बिहार के अनमोल धरोहरों से परिचित हो सकें।
इस मेले से बिहार के पर्यटन उद्योग को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है, साथ ही देश-विदेश के पर्यटकों के लिए यह राज्य एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभरेगा।