घटनास्थल पर स्थानीय लोग सड़क जामकर विरोध जताते हुए
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी पटना में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब बिहटा-सरमेरा पथ पर शुक्रवार को एक ट्रक और ई-रिक्शा के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में एक किशोर भी शामिल है।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुनपुन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
हादसा कैसे हुआ, पुलिस ने दी जानकारी
मसौढ़ी डीएसपी कन्हैया सिंह ने बताया कि ट्रक पूर्व दिशा से आ रहा था, जबकि ई-रिक्शा पश्चिम दिशा से जा रहा था। अचानक दोनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
ट्रक चालक मौके से हुआ फरार
पुलिस ने बताया कि हादसे में मोहनपुर निवासी अवकाश कुमार की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।