उमानाथ मंदिर पहुंचे नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
सावन माह की शुरुआत के पहले दिन बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार बाढ़ स्थित प्रसिद्ध बाबा उमानाथ मंदिर पहुंचे। गंगा के उत्तरवाहिनी तट पर स्थित और 'बिहार की काशी' के नाम से प्रसिद्ध इस मंदिर में उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान बाढ़ के पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह उर्फ ज्ञानू समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और जदयू नेता मौजूद रहे।
पूजा के बाद किया विकास कार्यों का निरीक्षण
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नीतीश कुमार ने परिसर में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। करीब 20 मिनट तक उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से जानकारी भी ली। मंदिर परिसर में उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद थे।
अंगवस्त्र को लेकर दिखा हल्का-फुल्का अंदाज
निरीक्षण के दौरान एक दिलचस्प दृश्य देखने को मिला। जदयू नेता डॉ. कौशलेंद्र कुमार ने सम्मान स्वरूप नीतीश कुमार को अंगवस्त्र भेंट किया। इस पर नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए वही अंगवस्त्र वापस डॉ. कौशलेंद्र कुमार को ओढ़ा दिया और हल्के-फुल्के अंदाज में उसे थोड़ा नीचे खींच दिया। इस दौरान मौजूद लोग उनकी सहज शैली देखकर मुस्कुरा उठे। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे कुछ लोगों को भी रोकने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें:
लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार भी बांकीपुर प्रत्याशी! सभी 25 उम्मीदवारों का नाम जानें
पूर्व विधायक के साथ दिखी आत्मीयता
पूजा-अर्चना के बाद एक और रोचक दृश्य सामने आया, जब नीतीश कुमार ने बाढ़ के पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह उर्फ ज्ञानू को पीछे से दोनों हाथों से पकड़ लिया और कुछ कदम तक उनके पीछे-पीछे चलते रहे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान और चर्चा का माहौल बन गया। मंदिर परिसर का निरीक्षण पूरा करने के बाद नीतीश कुमार का काफिला राजधानी पटना के लिए रवाना हो गया।