नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत नाहुब बायपास मार्ग पर नोनही गांव के समीप गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक वृद्ध की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान खुदागंज थाना क्षेत्र के मैंदी कला निवासी 65 वर्षीय कृष्णा प्रसाद चौरसिया के रूप में हुई है।
मलमास मेला देखकर बेटी के घर लौट रहा था परिवार
घटना के संबंध में मृतक के दामाद प्रदीप चौरसिया ने बताया कि उनके सास-ससुर, पत्नी और बच्चे राजगीर में चल रहे मलमास मेले में घूमने गए थे। गुरुवार सुबह सभी लोग ई-रिक्शा पर सवार होकर नोनही गांव स्थित बेटी के घर लौट रहे थे। इसी दौरान नोनही गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल
इस भीषण सड़क हादसे में मृतक के परिजनों सहित कुल चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, राजगीर में भर्ती कराया गया है। घायलों में मृतक की पत्नी उषा देवी, पुत्री सविता देवी, नाती आनंद कुमार तथा ई-रिक्शा चालक शामिल हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
ये भी पढ़ें:
पति ने जमीन बेचकर पढ़ाया, पत्नी ने सरकारी नौकरी लगते ही शिक्षक मित्र को अपनाया; बिहार में ड्रामा
ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और घायलों का इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।