नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने पैसे के लिए अपने ही पिता की जान ले ली। यह वारदात गिरियक थाना क्षेत्र के पहलौआ गांव की है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय सिद्धेश्वर पंडित के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उनके बड़े बेटे दिवाकर पंडित पर लगा है। इस पारिवारिक त्रासदी ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
पैसों के लिए अक्सर करता था मारपीट
परिजनों के मुताबिक, दिवाकर पंडित आए दिन पैसों को लेकर अपने माता-पिता के साथ झगड़ा और मारपीट करता था। रविवार को भी इसी तरह के विवाद के बाद उसने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दिवाकर खुद उन्हें इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज ले गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान सिद्धेश्वर पंडित की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Bihar News: पिता-पुत्र हत्याकांड के मुख्य आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, गोली लगने से घायल आरोपी गिरफ्तार
चोरी-छिपे दाह संस्कार की तैयारी कर रहा था बेटा, आ गई पुलिस
पिता की मौत के बाद दिवाकर चुपचाप अंतिम संस्कार की तैयारी में लग गया। लेकिन गांव के लोगों को जब इस घटना की भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों और पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही गिरियक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दिवाकर पंडित को गिरफ्तार कर लिया। फिर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
मारपीट से बिगड़ चुकी है मां की हालत
सिर्फ पिता ही नहीं, दिवाकर पंडित की हिंसक प्रवृत्ति पहले भी सामने आ चुकी है। वर्ष 2021 में उसने अपनी मां के साथ भी गंभीर मारपीट की थी, जिससे उन्हें सिर पर गहरी चोट लगी थी और मानसिक स्थिति अस्थिर हो गई थी। उस मामले में भी दिवाकर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी। पत्नी भी मारपीट से तंग आकर मायके चली गई है, जबकि छोटा भाई बहन के घर रहने लगा है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
गिरियक थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि उन्हें गांववालों से घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आरोपी बेटे को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। मृतक के साले द्वारा थाने में आवेदन दिया गया है, जिसमें दिवाकर पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- दुष्कर्म-हत्या की खौफनाक कहानी: लापता युवक का शव नाले से मिला, असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर किया हमला; कई घायल
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश
इस घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक बेटा, जिसने पहले मां को चोटिल किया, अब पिता की जान ले बैठा। ग्रामीणों का कहना है कि दिवाकर अक्सर पैसे को लेकर हंगामा करता था और अब उसकी करतूत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। पुलिस की कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।