फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: बिहार में अपराधियों को मंत्री संजय सिंह टाइगर की चेतावनी, कहा- अपराध छोड़ो या बिहार छोड़ो

Sat, 20 Jun 2026 04:00 PM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा

सार

बिहार सरकार के विधि एवं उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर ने नालंदा में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार में कानून तोड़ने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है।
विज्ञापन
बिहार सरकार के विधि एवं उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नालंदा जिले के मेहनौर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में बिहार सरकार के विधि एवं उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर ने अपराधियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में अब कानून तोड़ने वालों की खैर नहीं है। अपराधियों के पास सिर्फ दो विकल्प बचे हैं—या तो अपराध छोड़ दें या बिहार छोड़ दें, अन्यथा जहन्नुम जाने के लिए तैयार रहें। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार की अगुवाई में किया गया।

मोदी सरकार की उपलब्धियों का किया उल्लेख

मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री संजय सिंह टाइगर ने केंद्र की एनडीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचा है और पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर निकले हैं।

भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी

उन्होंने कहा कि आज विश्व में कहीं भी संकट आता है तो लोग भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देखते हैं। भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। सरकार ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया है और इसके लिए मजबूत आधार तैयार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार जैसे बड़े राज्यों का विकास देश के विकास के लिए बेहद जरूरी है।

बिहार की कानून-व्यवस्था पर सरकार का दावा

विधि मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर विकास और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ रहा है। सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। राज्य में कानून-व्यवस्था बेहतर होने से देश-विदेश के निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया है ताकि निवेशकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें-  RAS Officers Transfer: आरएएस अधिकारियों के तबादले, घूसकांड से घिरे बीज निगम का जिम्मा संभालेंगे गौरव चतुर्वेदी
विज्ञापन

 

मॉब लिंचिंग और एनकाउंटर मामलों पर सख्त रुख

राजगीर में मलमास मेले के दौरान दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या और हाल के एनकाउंटर मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि कानून की नजर में कोई भी व्यक्ति आम या खास नहीं होता। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति बच नहीं पाएगा। यदि आरोपी पाताल में भी छिपा होगा तो पुलिस उसे ढूंढ़कर कानून के दायरे में लाएगी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

विपक्ष पर साधा निशाना

संजय सिंह टाइगर ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार का विपक्ष पूरी तरह दिशाहीन हो चुका है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन बिहार का विपक्ष जनहित के मुद्दों को उठाने के बजाय केवल सरकार की आलोचना करने में लगा हुआ है। यही कारण है कि जनता लगातार उन्हें नकार रही है।

जूनियर अधिवक्ताओं को वजीफा देने का वादा दोहराया

मंत्री ने नए अधिवक्ताओं को वजीफा देने के मुद्दे पर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2024 के बाद पंजीकृत होने वाले जूनियर अधिवक्ताओं को 5 हजार रुपये स्टाइपेंड देने का वादा सरकार ने किया है और इसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें