मृतक अयोध्या प्रसाद तथा अस्पताल पहुंचे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के नालंदा में आग से झुलसे अधेड़ की इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। मामला चण्डी थाना क्षेत्र के ओली बीघा गांव का है। मृतक की पहचान ओली बीघा गांव निवासी दिवंगत लालू प्रसाद के बेटे अयोध्या प्रसाद (59) के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग अयोध्या प्रसाद को बदमाशों ने भूसे में आग लगाकर धक्का दे दिया था, जिसमें वह बुरी तरह झुलस गए थे।
वहीं, घटना को लेकर मृतक के छोटे भाई शंकर प्रसाद ने बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व उसके भाई अयोध्या प्रसाद ने पटना जिला के फतुहा थाना क्षेत्र के लोहटा गांव निवासी से 22 कट्ठा जमीन खरीदी थी। इस बात का विरोध पड़ोसी गांव के हरपुर निवासी शंभू महतो, रवींद्र महतो, विलास महतो और बिंदी महतो कर रहे थे। उनके भाई से उक्त लोग जबरदस्ती जमीन छोड़ने का दबाव बना रहे थे।
उन्होंने आगे बताया कि चैती छठ के पहली अर्घ के दिन टेका बीघा गांव में परिवार से मिलकर अयोध्या प्रसाद घर लौट रहे थे। तभी पूर्व से घात लगाए हरपुर में बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया और गेहूं के भूसे में आग लगाकर धकेल दिया। जब बुजुर्ग आग से झुलस गए और चीखने-चिल्लाने लगे तो सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। उसके बाद उन्हें इलाज के लिए चण्डी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान डेढ़ महीने बाद उनकी मौत हो गई।
इधर, चण्डी थाना अध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि भूमि विवाद में अधेड़ को जलते हुए भूसे में डेढ़ महीने पूर्व ढकेल दिया गया था। उसके कारण वह गंभीर रूप से झुलस गए थे। इस मामले में कुल चार लोगों को आरोपित कर मामला दर्ज कराया गया था। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी में जुट गई है। मौत की पुष्टि के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।