नालंदा में पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मामला बेन थानाक्षेत्र के लालगंज गांव के पास का है। मृतक की पहचान बेन थानाक्षेत्र के सरही गांव निवासी दिवंगत रामनाथ पंडित के बेटे सुरेश पंडित (62) के रूप में की गई है।
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को बुजुर्ग सुरेश पंडित बाजार गए थे। जहां से लौटने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गए। परिवार वालों को लगा कि वह अपने बड़े बेटे के यहां रात में रुक गए होंगे। लेकिन जब वह सुबह भी नहीं लौटे तो उनकी खोजबीन की जाने लगी। तभी गांव का एक युवक शनिवार को बाजार जा रहा था। जहां उसने लालगंज के पास सड़क किनारे पानी में बुजुर्ग का शव देखा और इसकी सूचना घरवालों को दी। तब जाकर घटना का खुलासा हुआ।
परिजन आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि कोई बड़ी गाड़ी जा रही होगी, तभी वह सड़क के किनारे उतर गए। इससे उनका पैर फिसला, जिसके कारण वह पानी भरे गड्ढे में गिर गए। अंधेरा होने के कारण किसी की नजर नहीं पड़ी और डूबकर उनकी मौत हो गई।
वहीं, इस मामले में बेन थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद पानी भरे गड्ढे से शव को निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया। अप्राकृतिक मौत का मामला (यूडी केस) दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।