बिहार के नालंदा में हत्या के प्रतिशोध में बदमाशों ने खेत देखने जा रही महिला को लाठी डंडे और रॉड से बेरहमी से पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने उसे मृत समझ कर सड़क किनारे फेंक दिया। यह घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के अंधना बेलदरिया पर गांव की है।
वहीं, काफी देर बाद जब महिला घर नहीं लौटी तो परिजन खेत की तरफ देखने गए। तब जाकर मामले का खुलासा हुआ और जख्मी हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। जहां महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। जख्मी महिला रामस्वरूप बिंद की पत्नी गुलाबिया देवी है।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि तीन साल पहले पेड़ काटने के विवाद में उनकी गोतनी श्याम बिंद की पत्नी रजिया देवी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जख्मी गुलाबिया देवी के पति रामस्वरूप बिंद को भी आरोपी बनाया गया था। पिछले तीन साल से वह फरार चल रहा है। इसी खुन्नस में श्याम बिंद और उसके सहयोगी ने इस घटना को अंजाम दिया है।
वहीं, नूरसराय थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि इस मामले में किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।