नालंदा में कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य पर आहार में मूर्ति विसर्जन करने गई 10 साल की बच्ची की डूबकर मंगलवार सुबह मौत हो गई। मामला नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर तियारी गांव का है। मृतका सुनील बिंद की पुत्री खुशबू कुमारी थी।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि गांव के बीघा पर खुशबू अपनी सहेलियों के साथ नहाने के लिए आहार में गई हुई थी। तभी सीढ़ी से पांव फिसलने के कारण पानी में गिर गई। साथ ही स्नान कर रही सहेलियों ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग जुटे, जब तक खुशबू को पानी से बाहर निकाला जाता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दरअसल, खुशबू अपनी सहेलियों के साथ कृष्ण जन्माष्टमी के पूजन सामग्री का विसर्जन करने गांव के बगल आहार के पास गई हुई थी। दो बच्चियां स्नान के उपरांत घर लौट गई। जबकि तीन बच्चियां पानी में डूबने लगी। आसपास के लोगों की नजर जब पानी में डूबती बच्चियों पर पड़ी तो रविता कुमारी और सुखु कुमारी को बाहर निकाल लिया गया। जबकि गहरे पानी में चले जाने के कारण खुशबू कुमारी की मौत हो गई।
वहीं, इस मामलें में नूरसराय थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि आहार में बच्ची के डूबने की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। यूडी केस दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।