मृतक प्रमोद कुमार तथा अस्पताल पहुंचे उसके परिजन
- फोटो : फाइल फोटो
बिहार के नालंदा में सड़क किनारे मकई के खेत में एक युवक का शव मिलने से सोमवार की सुबह सनसनी फैल गई। मामला सोहसराय थाना क्षेत्र के सलेमपुर मोहल्ला के पास का है। मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रृंगार हॉट निवासी निवासी राजेश पासवान के बेटे प्रमोद कुमार (24) के रूप में की गई।
दो दिन से था लापता युवक
प्रमोद कुमार के चाचा रंजीत पासवान ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही उनका भतीजा दिल्ली से घर आया था। वह दो दिन पूर्व घर से किसी काम की बात कह कर निकला था। इसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन की गई, बावजूद उसका कहीं अता-पता नहीं चल रहा था। आज सुबह खोजबीन के दौरान पता चला कि एक शव सलेमपुर जाने वाले रास्ते में सड़क किनारे मकई खेत में मिला है। जाकर देखा तो शव की पहचान प्रमोद कुमार के रुप में की।
शरीर पर चोट के निशान
मृतक के चाचा ने बताया कि शव देखने से लग रहा है कि किसी ने उसके साथ मारपीट की है, जिससे कारण उसकी मौत हुई है। शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान हैं और आंख भी निकली हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। जहां शव को देख वे रोने-चीखने लगे। प्रमोद घर का इकलौता चिराग था।
सोहसराय थाना अध्यक्ष राजमणि ने बताया कि राहगीरों के द्वारा सूचना मिली कि एक शव सड़क किनारे मकई खेत में पड़ा हुआ है। घटनास्थल पर शव देखने से यह लग रहा है कि कहीं दूसरी जगह उसकी हत्या कर शव को लाकर यहां फेंक दिया गया। जांच के दौरान पता चला कि दो दिन पहले से युवक लापता था। युवक के साथ मारपीट की घटना हुई है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।