पटना जंक्शन के दूसरे पार करबिगहिया जंक्शन के पास प्रख्यात बिहारी साव मिल कंपाउंड के बाहर मुख्य सड़क पर दो पक्षों के बीच विवाद में तीसरे की मौत हो गई। जिस दुकानदार से झंझट हो रहा था, फायरिंग उसपर हुई थी लेकिन उसके झुक जाने पर गोली पीछे खड़े दूसरे दुकानदार राहुल (23) को लग गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इधर फायरिंग के बाद भागते तीन आरोपियों को लोगों ने दौड़कर पकड़ लिया और जमकर पीट दिया। रेल सप्लाई को दुकान में खपाने के कारण एजेंसी की मार्जिन खराब होने पर विवाद की शुरुआत हुई थी।
ढाई घंटे से चल रहा था विवाद, गुंडा बुलाकर फायरिंग का आरोप
फायरिंग से मौत देख भाग रहे 3 आरोपियों को लोगों ने पकड़कर पीटा
गोली लगने के बाद राहुल करीब 20 कदम तक भागा, लेकिन फिर औंधे मुंह गिर पड़ा। यह देखकर आरोपी भागने लगे। इनमें दो आरोपी पास के ही बैंक के ब्रांच में घुस गया, जबकि तीसरा सड़क पर ही भाग रहा था। लोगों ने ब्रांच में घुसे दोनों आरोपियों को जमकर पीटा, जबकि भीड़ से दूर पकड़ा गया आरोपी कम पिटाया। घटना की जानकारी कुछ ही मिनट में आसपास के इलाकों में फैल गई। सारी दुकानें बंद हो गईं और लोगों ने जक्कनपुर थाना के खिलाफ जमकर गुस्से का इजहार किया। घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी को भी लोगों ने घंटेभर तक घेरे रखा। लोगों की भीड़ शाम तक पुलिस-प्रशासन के लापरवाह रवैए, गश्ती नहीं किए जाने और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाकर हंगामा करती रही। उग्र भीड़ ने अपराधियों की बाइक को भी जला दिया। एएसपी संदीप के अनुसार बंटी समेत तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि बाइक से फरार बताए गए दो आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।