बिहार के कैमूर में मजाक का विरोध करना एक बुजुर्ग व्यक्ति को भारी पड़ गया। जहां मजाक उड़ाने वाले बदमाशों ने उसी की लाठी से पीट-पीट कर दिव्यांग बुजुर्ग को जान से मार डाला। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। उसके बाद आगे की कार्रवाई में जुट गई। यह मामला नुआंव थाना क्षेत्र के बासनपुर गांव का है।
जानकारी के मुताबिक, बासनपुर गांव में दोनों पैर से दिव्यांग एक बुजुर्ग व्यक्ति को मारपीट कर बदमाश लड़कों ने हत्या कर दी। मृत व्यक्ति की पहचान नुआंव थाना क्षेत्र के बासनपुर गांव निवासी दिवंगत पदारथ यादव के बेटे धर्मदेव यादव (70) के रूप में हुई है। सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के बेटे सुनील यादव ने बताया कि गांव के कुछ लड़के धर्मदेव यादव को हमेशा चिढ़ाते रहते थे। इसका वह हमेशा ही विरोध करते थे। लेकिन बदमाश युवक अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे थे।
उन्होंने बताया कि कल रात को भी यही हुआ, जब गांव के युवकों द्वारा उनका मजाक उड़ाया जा रहा था। उस दौरान उन्होंने इसका विरोध किया। उसके बाद बदमाश लड़कों में रमेश यादव, उसका बेटा और कन्हैया यादव और बन्नू यादव द्वारा दिव्यांग बुजुर्ग की लाठी छीन कर उसे मारपीट कर मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। फिर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले गई। जहां सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले को लेकर मृतक के परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।