बिहार में सरकार के उलटफेर के बाद यहां राजनीति खासा तेज है। भाजपा बिहार सरकार पर अलग अलग मुदों को लेकर निशाना साध रही है। वहीं अब जदयू ने शुक्रवार को बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल पर राज्य के दो जिलों में जनसंख्या वृद्धि दर पर भ्रामक आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया और साथ ही कहा कि वह लोगों में सांप्रदायिक नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को दावा किया था कि बांग्लादेशी घुसपैठियों की कथित उच्च दर के कारण आंशिक रूप से किशनगंज और अररिया में जनसंख्या वृद्धि दर ‘दुनिया में सबसे अधिक’ है। उन्होंने दावा किया था कि इन दो जिलों में जनसंख्या वृद्धि की दर केवल पाकिस्तान के जनजातीय क्षेत्रों और इथियोपिया के कुछ हिस्सों से मेल खाती है।
जदयू नेता अरविंद निषाद ने एक बयान में कहा कि जायसवाल सहित सभी भाजपा नेता राजनीतिक लाभ लेने के लिए राज्य में लोगों के बीच सांप्रदायिक नफरत भड़काने में लगे हुए हैं। जायसवाल गलत और भ्रामक जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत के कई अन्य जिलों में जनसंख्या वृद्धि दर अररिया और किशनगंज की तुलना में बहुत अधिक है।
2011 की जनगणना के अनुसार किशनगंज में 67 प्रतिशत मुस्लिम आबादी थी जो बिहार के अन्य जिलों की तुलना में सबसे अधिक है। इसके बाद उसका पड़ोसी जिला अररिया है जहां यह 43 प्रतिशत था। जायसवाल ने अररिया में यह टिप्पणी की थी, जहां वह इस महीने के अंत में पूर्णिया में शाह की रैली का समर्थन कर रहे थे।