सार
गया जी में पितृपक्ष मेले के दौरान तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए निशुल्क सेवा शिविर शुरू किया गया। मंत्री श्रवण कुमार समेत जनप्रतिनिधियों ने इसका उद्घाटन किया। शिविर में श्रद्धालुओं को पेयजल, चाय, बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं निशुल्क मिलेंगी।
पितृपक्ष मेले के अवसर पर गया जी शहर के तुलसी उद्यान, विष्णुपद मंदिर स्थित लखनपुरा मोड़ के समीप माता-पिता की पावन स्मृति में निशुल्क सेवा शिविर का शनिवार को शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीतीश पटेल और नगर प्रखंड चंदौती की प्रमुख सुचिता रंजनी ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में तीर्थयात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल, चाय, बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से सेवा शिविर का आयोजन किया गया है।
पढे़ं: पिता ने मारा ताना तो आईआईटी पहुंचे, आईपीएस मोहिबुल्लाह को अमेरिका देगा एशियन हीरो सम्मान
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पितृपक्ष मेले में देश के कोने-कोने से लोग अपने पूर्वजों को याद करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए गया जी आते हैं। ऐसे समय में तीर्थयात्रियों की सेवा करना महत्वपूर्ण और पुण्य का कार्य है। यह केवल एक शिविर नहीं, बल्कि सेवा और श्रद्धा की भावना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जो लोग समाज की सेवा करते हैं और जरूरतमंदों एवं बाहर से आने वाले लोगों की मदद करते हैं, भगवान भी ऐसे लोगों का सहारा बनते हैं।
आयोजक सतीश पटेल ने बताया कि अपने माता-पिता की पावन स्मृति में इस निशुल्क सेवा शिविर का आयोजन किया गया है। पिछले दस वर्षों से अधिक समय से पितृपक्ष मेले के दौरान लगातार यह शिविर लगाया जा रहा है। इस दौरान गया जी आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल, चाय, बिस्कुट सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।