फर्जी डीएम,फर्जी एसपी, फर्जी डीएसपी और फर्जी दारोगा के बाद अब फर्जी अंचल कार्यालय का मामला उजागर हुआ है। यह पटना जिले के बिहटा का मामला है जहां दानापुर एसडीएम ने छापेमारी कर फर्जी सीओ कार्यालय का उद्भेदन किय है। इस छापेमारी में पुलिस ने सरकारी राजस्व के कई कागजात समेत लैपटॉप, डोंगल और कुछ नगद रुपये भी बरामद हुए।
जानिए कैसे हुआ खुलासा
दानापुर एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस को यह सूचना मिल रही थी कि बिहटा के लई स्थित टोला स्थित उदय कुमार के घर में फर्जी मिनी सीओ कार्यालय चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच किया और फिर दानापुर एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह और एएसपी अभिनव धीमान के नेतृत्व में उदय कुमार के घर पर पहुंचे। फर्जी कार्यालय को देख अधिकारी भी दंग रह गए। पुलिस ने सरकारी राजस्व के कई कागजात, लैपटॉप, डोंगल एवं नगद रुपया बरामद किए गए हैं।
क्या कहते हैं पदाधिकारी
दानापुर एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि जिन महत्वपूर्ण कागजातों को अंचल कार्यालय में गुप्त तरीके से रखा जाना चाहिए था, वैसे दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उस फर्जी कार्यालय से जो लैपटॉप बरामद हुआ है उसमें सीओ का डोंगल इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावे अन्य कई ऐसे कागजात भी बरामद हुए हैं जिन्हें अंचल कार्यालय तक ही रहना चाहिए था।
सीओ भी संदेह के घेरे में
दानापुर एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि इस मामले में अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी की भी संलिप्तता की जांच कराई जा रहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इसकी एक रिपोर्ट पटना डीएम को भी सौंपा जाएगा। दानापुर एएसपी अभिनव धीमान ने बताया कि एक युवक को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया गया है। इसमें अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि प्रशासन को चकमा देकर उदय वहां से हो गया। उदय कुमार बिहटा अंचल का कथित दलाल है। इस मामले में सीओ की मिलीभगत से रुपये की उगाही की भी जांच कराई जाएगी।