कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित हाई स्कूल हाटा के मैदान में रविवार को ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री अशोक चौधरी ने 267 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 91 ग्रामीण सड़कों का शिलान्यास और कार्य प्रारंभ का उद्घाटन किया। इस मौके पर हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मंच से मंत्री ने विकास कार्यों की जानकारी दी और विपक्ष, खासकर तेजस्वी यादव पर तीखा हमला भी बोला।
267 करोड़ की सड़कों से गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ग्रामीण इलाकों को जोड़ने और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 91 सड़कों के निर्माण कार्य का आज शिलान्यास किया गया है, जिनकी कुल लागत 267 करोड़ रुपये है। ये सड़कें उन इलाकों को जोड़ेंगी, जहां 100 की आबादी है, जिससे लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- Bihar Flood: राघोपुर में गंगा उफान पर, बाढ़ के कारण 32 स्कूल बंद... थाना भी जद में; गांवों का संपर्क टूटा
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पहले जुलाई और अप्रैल में कई योजनाओं का शुभारंभ किया था। अब उन योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि हमारी कोशिश है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले चार-पांच बड़े पुल और 60 से अधिक सड़क परियोजनाएं भी शुरू कर दी जाएं।
‘तेजस्वी ऐसा करेंगे तो मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे’
मंच से बोलते हुए मंत्री अशोक चौधरी ने राजद नेता तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी को ग्रामीण कार्य विभाग मिला था, तब वह खुद कुछ नहीं कर पाए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि तेजस्वी यदि अपने कार्यकाल में शुरू की गई एक भी योजना गिनवा दें, तो वे मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। वहीं, सीएम नीतीश कुमार को ‘नकलची’ कहे जाने पर चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की जितनी उम्र नहीं है, उससे अधिक समय से नीतीश कुमार राजनीति में हैं। तेजस्वी को तो उनके बराबर आने के लिए एक और जन्म लेना पड़ेगा। उन्होंने तेजस्वी की शिक्षा पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि जिसने खुद पढ़ाई नहीं की, उसकी नकल कौन करेगा? चौधरी ने कहा कि नीतीश सरकार योजनाओं की नकल नहीं करती, बल्कि जरूरत और जनता की सुविधा के मुताबिक योजनाएं बनाती है और समय पर उन्हें पूरा भी करती है।
यह भी पढ़ें- Bihar Flood: बारिश आई...आफत लाई, अरमा गांव के महादलित मोहल्लों में जलजमाव; छत पर रात गुजारने को मजबूर लोग
ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राइडिंग क्वालिटी के साथ सड़कों का निर्माण और मेंटेनेंस किया जाएगा। जहां कहीं भी गड्ढे नजर आएंगे, वहां तत्काल कार्य किया जाएगा। चौधरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर गांव और टोला तक सड़क पहुंचे और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिले।