पटना जिले के बिहटा बाजार स्थित मां विंध्यवासिनी ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर छह नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने मंगलवार को लूटपाट की और उसके मालिक मंटू कुमार की हत्या कर दी।
यही नहीं दहशत फैलाने के लिए दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की। कारोबारी की हत्या करने के बाद बदमाश दुकान से करीब 12 लाख से अधिक सोने व चांदी के जेवर लूट लिए और हवाई फायरिंग करते हुए चीनी मिल नौबतपुर रोड की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी उपेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाशी के लिए नाकाबंदी कराई।
आईजी रेंज संजय सिंह ने कहा, 'आभूषण कारोबारी की गोली मारकर की गई हत्या के मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। एसएसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर वारदात में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए गए हैं।'
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने आए सभी बदमाश रूमाल से अपना मुंह बांधे थे। दुकान से कुछ दूर पर उन्होंने अपनी-अपनी बाइक खड़ी कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर फायरिंग करते हुए भाग निकले। बाजार में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों का कोई अतापता नहीं था।
आभूषण कारोबारी ने काफी देर तक बदमाशों का सामना किया, लेकिन तिजोरी की चाबी उन्हें नहीं दी। इसके गुस्साए में बदमाशों ने उन्हें गोलियों से भून डाला। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनने पर जब बाजार के लोग हल्ला मचाते आगे बढ़े तो बदमाश तिजोरी खोलने के बजाय भाग खड़े हुए।
बदमाशों पर बरसाये पत्थर तो तान दी पिस्टल
वारदात के बाद बाजार के लोग भाग रहे बदमाशों की घेराबंदी की। कुछ लोग बदमाशों पर ईंट-पत्थर भी बरसाने लगे। यह देख बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी। धमकी दी कि रास्ते से भाग जाओ, वरना गोली मार दूंगा।
छावनी में तब्दील हुआ बिहटा बाजार
दुकानें बंद कर सड़क पर उतरे कारोबारी
हत्या व लूट की खबर बाजार में आग की तरह फैल गई। इसके बाद लामबंद होकर कारोबारी सड़क पर उतर पड़े। आक्रोशित कारोबारी उस अस्पताल में गए, जहां घायल कर्मी और मृतक कारोबारी को ले जाया गया था। कारोबारियों ने पुलिस से बकझक होने पर अस्पताल में हंगामा भी किया। इसके बाद कारोबारी अस्पताल से शव लेकर बिहटा चौक पर पहुंचे और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जेवर कारोबारियों से बड़ी लूट