बक्सर शहर के सिंडिकेट नहर के किनारे नेहरू नगर स्थित दिव्यलोक अस्पताल के सामने शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। कुछ युवक कार चलाना सीख रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा। इस हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो छोटे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के वक्त नहर किनारे बैठे थे भाई-बहन
जानकारी के मुताबिक, सुबह-सुबह चेगनी कुमारी (12) अपने दो छोटे भाइयों के साथ नहर के किनारे शौच के लिए बैठी थी। इसी दौरान सड़क से तेज रफ्तार में आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हुई और नहर में जा गिरी। कार ने तीनों को कुचल दिया, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चेगनी कुमारी को मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता का नाम कन्हैया बंसफोर है, जो अस्पताल के पास ही परिवार के साथ रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
आक्रोशित लोगों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
बच्ची की मौत से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गुस्साए लोगों का कहना है कि रईसजादों की लापरवाही की वजह से एक मासूम बच्ची को अपनी जान गंवानी पड़ी। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने की कोशिश की और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
टाउन थाना पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि कार, चालक और उसमें सवार युवकों की पहचान की जा सके। पुलिस ने कहा कि हम जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लापरवाह वाहन चलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
बच्ची की मौत से गमगीन परिवार
इस घटना के बाद मृतका के घर पर मातम पसरा हुआ है। परिवार के कुछ लोग अस्पताल में घायल बच्चों की देखभाल कर रहे हैं, तो कुछ घटनास्थल पर बैठकर रो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, जिससे अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।