घटना की जांच करने मृत व्यवसायी के घर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के जवाहर मंदिर इलाके में एक प्लाई व्यवसायी ने कर्ज के बोझ से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कर्ज और आर्थिक तंगी ने ली व्यवसायी की जान
मृतक की पहचान 55 वर्षीय सुनील कुमार चौरसिया के रूप में हुई, जो प्लाई का व्यवसाय करते थे। पुलिस के अनुसार, उन्होंने अपने घर में लगे पंखे से धोती के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राथमिक जांच में यह पता चला कि सोमवार की रात को उन्होंने यह कदम उठाया।
परिवार के अनुसार, तीन साल पहले उनकी पत्नी का कैंसर से निधन हो गया था। उसके बाद से वह मानसिक और आर्थिक रूप से बेहद परेशान थे। कर्ज बढ़ता जा रहा था और व्यापार भी ठीक से नहीं चल रहा था, जिससे वे गहरे अवसाद में चले गए थे।
पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाई, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कागजी प्रक्रिया शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया। मृतक की बेटी सुमेधा चौरसिया ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, लेकिन उसे बाहर से भी खोला जा सकता था। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, यह पुलिस जांच में ही साफ होगा।
पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
पुलिस अब इस आत्महत्या के पीछे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। क्या व्यवसाय में घाटे के अलावा कोई और वजह थी? क्या किसी ने उन्हें प्रताड़ित किया था? या फिर परिवार की आर्थिक तंगी ही इसका मुख्य कारण थी? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। वहीं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों में इस घटना से गम और चिंता का माहौल है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।