Bihar: आरोपियों ने मृतक की ई-रिक्शा बुक कर उसे पुनपुन बांध के पास सुनसान जगह पर बुलाया। वहां पहले से ही आरोपियों ने हत्या के लिए चापड़, छेनी, चाकू और रिंच जैसे हथियार एक गिफ्ट कार्टन में छिपाकर रखे थे। मौके पर पहुंचते ही उन्होंने शहजादा पर ताबड़तोड़ हमला किया।
राजधानी पटना में प्रेम प्रसंग को लेकर एक खौफनाक वारदात सामने आई है। दीदारगंज थाना क्षेत्र के माधवपुर फतेहपुर के पास राजेंद्र कॉलेज के निकट 15 अगस्त को पुलिस को एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मोहम्मद शहजादा के रूप में हुई।
मामले का खुलासा करते हुए पटना ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि मृतक का कत्ल उसकी प्रेमिका के भाइयों ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवकों ने बर्थडे पार्टी के बहाने मृतक को बुलाया और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
इस तरह रचा गया हत्या का प्लान
विज्ञापन
आरोपियों ने मृतक की ई-रिक्शा बुक कर उसे पुनपुन बांध के पास सुनसान जगह पर बुलाया। वहां पहले से ही आरोपियों ने हत्या के लिए चापड़, छेनी, चाकू और रिंच जैसे हथियार एक गिफ्ट कार्टन में छिपाकर रखे थे। मौके पर पहुंचते ही उन्होंने शहजादा पर ताबड़तोड़ हमला किया। एसपी ने बताया कि युवक के शरीर पर कई घाव मिले, आंख फोड़ दी गई और गला रेतकर उसकी हत्या की गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियारों को भी बरामद कर लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि मृतक और उनकी बहन के प्रेम प्रसंग की चर्चा मोहल्ले और रिश्तेदारों में होने लगी थी। लोग ताने मारते थे, जिससे आरोपी आहत थे। इसी नाराजगी में उन्होंने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। घटना स्थल से पुलिस ने मृतक की ई-रिक्शा और एक हवाई चप्पल भी बरामद की है। पुलिस ने कहा कि सभी आरोपी गिरफ्त में हैं और उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया है।