गोपालपुर थाना क्षेत्र के जोल बीघा में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार सिक्योरिटी वैन से करीब 27 लाख रुपये लूटकर अपराधी फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि सिक्योरिटी वैन निर्धारित रूट से गुजर रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए पांच हथियारबंद अपराधियों ने जोल बीघा के पास वैन को रोक लिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर सुरक्षाकर्मियों को कब्जे में लेकर रुपये से भरा बॉक्स लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि सुरक्षाकर्मी संभल भी नहीं सके।
पढ़ें: 48 घंटे में चार सिर कटे शव बरामद, अलग-अलग पड़े शरीर के हिस्से; इस जिले में रहस्यमयी मौतों से सनसनी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर कई थानों की पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे तथा पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इसके अलावा इलाके में वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।
इसी बीच पुलिस ने घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर लूटा गया बॉक्स बरामद कर लिया है। हालांकि, उसमें रखी नकदी के संबंध में पुलिस फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं बता रही है। घटना की पुष्टि करते हुए सदर डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि वैन से 27 लाख रुपये लूटे जाने की सूचना मिली है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।