कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के कबार गांव में सर्पदंश का शिकार हुए 36 वर्षीय युवक की मंगलवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय राममूरत राम के पुत्र योगी राम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त को किसी जहरीले सांप ने योगी राम को काट लिया था। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ लेकर पहुंचे। वहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर गए, जहां इलाज के बाद वह मंगलवार को घर लौट आए थे। लेकिन देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बुधवार सुबह परिजन उन्हें फिर से सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर भभुआ थाना पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पढ़ें: मुजफ्फरपुर की मेयर को चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस, दो वोटर आईडी से जुड़ा हुआ है मामला
घटना की जानकारी मिलने पर जिला पार्षद लल्लू पटेल, बसपा बिहार प्रदेश महासचिव एवं नगर परिषद सभापति भभुआ विकास तिवारी उर्फ बब्लू तिवारी ने अस्पताल पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मृतक बेहद गरीब परिवार से था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो बेटे और एक बेटी है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं सरकार से मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने तथा बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण का खर्च उठाने की मांग की। वहीं, मौके पर पहुंचे बेतरी पंचायत के मुखिया श्रवण पटेल ने मृतक की पत्नी को परिवार लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।