मोहनिया प्रखंड के सकरौली गांव में मंगलवार को तालाब में नहाने गईं तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से गांव में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार गांव की पांच बच्चियां बकरी चराने के लिए निकली थीं। इसी दौरान हल्की बारिश होने लगी तो वे पास के तालाब में नहाने चली गईं। नहाने के दौरान तीन बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उनके साथ मौजूद दो बच्चियों ने शोर मचाया और गांव में सूचना दी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तालाब से तीनों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
डूबकर जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान जीतन राम की 11 वर्षीय पुत्री उषा कुमारी, भोरिक राम की 10 वर्षीय पुत्री महिमा कुमारी और स्व. सुरेंद्र पासी की 10 वर्षीय पुत्री सुनीता कुमारी के रूप में हुई है। सूचना पर मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। मोहनिया थाना प्रभारी प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।