फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: दिल्ली से पटना आते ही तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर हमला, शराबबंदी और अर्बन नक्सल पर क्या कहा?

Sun, 16 Aug 2026 04:29 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

Bihar Politics: बांकीपुर उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल की करारी हार के बाद तेजस्वी यादव लगातार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेतृत्व वाली सरकार पर हमलावर हैं। आज पटना पहुंचते ही उन्होंने शराबबंदी और अर्बन नक्सल के मामले पर एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला। आइए जानते हैं तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
विज्ञापन
तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी सरकार पर निशाना साधा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली से पटना लौटे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शराबबंदी कानून को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी पूरी तरह विफल हो चुकी है और अब इसे लेकर सत्ता पक्ष के भीतर भी मतभेद सामने आ रहे हैं। शराबबंदी कानून की समीक्षा किए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री से सवाल किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शराबबंदी के नाम पर प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है और इसमें सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों की भूमिका है।

विज्ञापन

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कहा कि बिहार में कोई भी परीक्षा पारदर्शी तरीके से आयोजित नहीं होती। प्रतियोगी परीक्षा तो छोड़िए यहाँ स्कूली स्तर पर 10वीं और 12वीं की परीक्षा का पेपर लीक होता है। कोई भी बहाली प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी नहीं है इसलिए योग्य और काबिल अभियार्थियों का चयन होना मुश्किल हो रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में बिहार सबसे फिसड्डी है। पूरे देश में बिहार की नामांकन दर सबसे कम, और स्कूल छोड़ने की दर सबसे अधिक है। लगातार सामने आ रहे विवाद छात्रों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।


शिक्षा का भगवाकरण किया जा रहा है 

उन्होंने कहा कि अब तो बिहार में शिक्षा का भगवाकरण किया जा रहा है। स्कूलों में किताब नहीं, शिक्षक नहीं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं! युवा बेचैन और बेसब्र है। बेरोजगारी सबसे अधिक है। एक करोड़ नौकरी का वादा करने वालों ने अभी तक एक लाख नौकरियां भी नहीं दी है। तेजस्वी यादव ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि अब बस बहुत हुआ। युवा इनके जुमले नहीं सुनेंगे। अब हर स्तर पर विरोध होगा-प्रदर्शन होगा। यह हमारा खुला राजभवन मार्च है। नौकरी की तैयारी कर रहे- युवा, कोचिंग संस्थान, विश्वविद्यालय, कॉलेज के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, महिला जो पेपरलीक, सरकारी तानाशाही और बेरोजगारी की समस्या से परेशान है वह इस मार्च में शामिल हो सकता है। 

विज्ञापन

 

'सच्चाई बताने वाला नक्सली हो गया'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण में 'अर्बन नक्सली' के जिक्र को लेकर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो लोग सरकार को उसकी कमियां और सच्चाई बताते हैं, उन्हें अलग-अलग नामों से संबोधित किया जाता है। तेजस्वी ने कहा कि किसानों के आंदोलन और छात्रों के आंदोलन को लेकर भी सरकार का रवैया स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस टिप्पणी को लेकर स्पष्टीकरण देने और छात्रों से माफी मांगने की मांग की।

 

एके-47 मामले में राजभवन मार्च का एलान

एके-47 से पुलिस फायरिंग के मामले को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद की ओर से राजभवन मार्च का एलान किया गया है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निलंबन और प्राथमिकी जैसी कार्रवाई नहीं की गई, जबकि दिखावे के लिए कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया।

 

'डीजीपी से मिलने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई'

तेजस्वी यादव ने कहा कि पुलिस की ओर से छात्रों के खिलाफ जिस तरह से हथियारों का इस्तेमाल किया गया, वह गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में राज्य के डीजीपी से भी मिल चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी बड़ी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर राजभवन तक अपनी आवाज उठाता रहेगा। 19 अगस्त को हम लोग राज भवन मार्च करेंगे। सरकार जब तक छात्रों को न्याय नहीं दे देता तब तक हम लोग चुप नहीं बैठेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें