अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर में जलभराव से परेशान मोहल्ले वासियों ने बुधवार को सड़क जाम कर दी। इसके कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामला राजगीर के कैलाश आश्रम के पास का है। यह सड़क राजगीर को गिरियक से जोड़ती है।
परेशान मोहल्ले वासियों ने बताया कि मानसून की बारिश के कारण कैलाश आश्रम के आसपास के मोहल्ले में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। कई घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में बारिश का पानी प्रवेश कर चुका है। यह सिलसिला दो दिनों से बना हुआ है। नगर परिषद के जेई, कार्यपालक अभियंता, एसडीओ समेत तमाम अधिकारियों को फोन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि कई अधिकारी तो फोन तक रिसीव करना मुनासिब नहीं समझ रहे हैं तो कई अधिकारी को जानकारी देने के बाद भी उनकी समस्या देखने-सुनने नहीं पहुंचे हैं। जलभराव के कारण दुकानों में रखा सामान भी खराब हो गया है।