Republic Day 2026 : पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक्शन में दिखने लगे। सबसे पहले 77वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी और फिर एनडीए पर बरस गए।
देशभर में आज 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस खास अवसर पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। लेकिन साथ ही अपने शुभकामना संदेश के साथ तेजस्वी यादव ने केंद्र की एनडीए सरकार पर तीखा हमला किया।
विज्ञापन
शहीदों को नमन और संविधान की दुहाई
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर अपना संदेश साझा करते हुए सबसे पहले देश की आजादी के नायकों को याद किया। उन्होंने लिखा, सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज का यह पावन दिन महान स्वतंत्रता सेनानियों, देशभक्तों, संविधान निर्माताओं और अमर शहीदों को स्मरण कर उन्हें धन्यवाद कहने का दिन है। उन्होंने आजादी के दीवानों को नमन करते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
यह खबर भी पढ़ें-Cricket News: सदी का सूखा खत्म, बिहार ने रणजी ट्रॉफी का फाइनल 568 रन से जीता; प्लेट ग्रुप के खिताब पर कब्जा
विज्ञापन
एनडीए सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
बधाई संदेश के बाद तेजस्वी यादव ने सीधे तौर पर केंद्र सरकार की नीतियों को निशाने पर लिया। उन्होंने वर्तमान हालातों को चिंतनीय बताते हुए एनडीए पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया। तेजस्वी यादव ने कहा कि आजादी के दीवाने हमारे पुरखों ने हमें यह आदर्श जनतांत्रिक व्यवस्था सौंपी है। आइए, हम सब मिलकर प्रतिज्ञा लें कि हम इस महान देश की एकता को अक्षुण्ण रखेंगे और समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक भारत के सपने को साकार करेंगे।
लोकतंत्र को कमजोर कर रही एनडीए सरकार
तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए सरकार लोकतंत्र को समृद्ध करने के बजाय उसे कमजोर करने वाले कदम उठा रही है। उन्होंने बिना नाम लिए भाजपा और संघ पर निशाना साधते हुए कहा कि वे फासीवादी ताकतें जिनका आजादी में कोई योगदान नहीं था, आज संविधान की मूल भावना पर प्रहार कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान की उद्देशिका को बदलने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है।