उत्तर प्रदेश के बाद बिहार के कई जिलों में 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर लगने लगे हैं। ताजा मामला रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित ईदगाह मोहल्ले का है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के बाद अब बिहार के कई जिलों में भी 'आई लव मोहम्मद' लिखे पोस्टर लगने लगे हैं। ताजा मामला रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित ईदगाह मोहल्ले से सामने आया है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस मामले पर पूछे जाने पर रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने कहा कि पोस्टर में ऐसा कुछ नहीं है, जैसा कि वायरल में दावा किया जा रहा है।
विज्ञापन
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत हर व्यक्ति को अपनी आस्था प्रकट करने और किसी भी धर्म या मजहब का पालन करने का अधिकार है, बशर्ते यह सार्वजनिक व्यवस्था और नैतिकता के खिलाफ न हो। लेकिन नवरात्र के मौके पर देश के कई राज्यों में अचानक उभर रहे इस ट्रेंड को लेकर लोग इसे किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा मान रहे हैं। इसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
डेहरी के ईदगाह मोहल्ले में अचानक लगे पोस्टरों से स्थानीय लोगों की चिंता और हैरानी बढ़ गई है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के कानपुर, बरेली और लखनऊ समेत कई शहरों में ऐसे ही 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर सामने आने के बाद जमकर बवाल मचा था। वहां पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था। इसके जवाब में हिंदू संगठनों ने 'आई लव महादेव' लिखे बैनर और पोस्टर लगाना शुरू कर दिया। इसके चलते यह पोस्टर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है और थमने का नाम नहीं ले रहा।