समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पांढ गांव में मामूली बात पर हुई कहासुनी ने दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया। गांव के ही पांच दबंग युवकों ने कोल्ड ड्रिंक न देने पर दुकानदार और उसके पिता के साथ मारपीट की, जिसमें गंभीर रूप से घायल हुए पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पांढ वार्ड संख्या-11 निवासी 55 वर्षीय रामप्रसाद महतो, पिता स्व. तूफानी महतो के रूप में हुई है। रामप्रसाद के बेटे संजय कुमार महतो गांव में कोल्ड ड्रिंक की एक छोटी दुकान चलाते हैं। संजय के अनुसार गांव के कुछ लड़के अक्सर बिना पैसे दिए सामान ले जाते थे। शनिवार शाम करीब 7 बजे वही पांच युवक दुकान पर आए और जब उनसे पैसे मांगे गए तो वे उग्र हो गए और मारपीट करने लगे।
ये भी पढ़ें: Bihar Crime News: पटना में किसान की हत्या, खेत में काम कर रहे थे, अपराधियों ने मारी गोली
संजय ने बताया कि हमलावरों के पास डंडे, लोहे की रॉड और एक के पास पिस्टल भी थी। पहले उन्होंने संजय को पीटना शुरू किया और जब उनके पिता बीच-बचाव करने आए तो लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल, दलसिंहसराय लाया गया, जहां से रामप्रसाद महतो को गंभीर स्थिति में समस्तीपुर सदर अस्पताल रैफर किया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।